कुंभ मेला-2027 की तैयारियां: अवस्थापना कार्यों की प्रगति की मेला प्रशासन द्वारा निरंतर की जा रही समीक्षा*

 

*हरिद्वार, 20 जून 2026*

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत कुंभ क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण अवस्थापना कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं। मेला प्रशासन द्वारा इन सभी कार्यों की प्रगति की निरंतर निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराए जा सकें।

इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने शनिवार को खड़खड़ी क्षेत्र का भ्रमण कर सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

कुंभ मेला-2027 के लिए शासन द्वारा स्वीकृत अवस्थापना कार्यों के अंतर्गत सूखी नदी में स्थित वर्तमान कॉजवे के स्थान पर 44.80 मीटर लंबाई के डबल लेन (केबल नेट आर्च) पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 1321.96 लाख रुपये है।

वर्तमान में यातायात के लिए उपयोग किए जा रहे कॉजवे पर वर्षा ऋतु के दौरान अत्यधिक जलभराव एवं तेज बहाव के कारण आवागमन प्रभावित होता है। इससे यातायात व्यवस्था बाधित होने के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से भी चुनौतियां उत्पन्न होती हैं। प्रस्तावित पुल के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा तथा वर्षभर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

प्रस्तावित पुल को श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। पुल पर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का प्रावधान किया गया है, जिससे पैदल आवागमन अधिक सुरक्षित हो सकेगा। इसके अतिरिक्त पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि पुल के एक पिलर के निर्माण स्थल के नीचे से गुजर रही सीवर लाइन को शिफ्ट किया जाना आवश्यक है। इस पर अपर मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सीवर लाइन शिफ्टिंग से संबंधित कार्यवाही अविलंब पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

अपर मेलाधिकारी ने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण तथा संबंधित विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी अवस्थापना विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री डी.पी. सिंह, तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिशासी अभियंता श्री प्रवीण कुमार सहित लोक निर्माण विभाग एवं मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts

प्रबंध निदेशक के निर्देश पर रविवार को भी फील्ड में उतरी UPCL की टीम, मानसून तैयारियों का लिया जायजा

Date 12 July 2026  देहरादून उत्तराखण्ड में मानसून के दौरान संभावित आपदा एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल)…

जिलाधिकारी ने पुराने व क्षतिग्रस्त भवनों को चिन्हित कर सील करने के दिए निर्देश

  *हरिद्वार, 12 जुलाई 2026* आयुक्त, गढ़वाल मण्डल के आदेशों के अनुपालन जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मयूर दीक्षित ने जनपद हरिद्वार में मानसून के दौरान जनसुरक्षा को…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *