मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हो रही अतिवृष्टि एवं नुकसान की अधिकारियों से जानकारी ली

 देहरादून  – मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से वापस आते ही सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र पहुंचकर प्रदेश में हो रही अतिवृष्टि एवं नुकसान की अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारी टिहरी एवं पौड़ी से फोन पर वार्ता कर इन जनपदों में हुए नुकसान की जानकारी ली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों में राज्य के अधिकांश जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखें एवं सभी सहयोगी संस्थाओं से निरन्तर समन्वय बनाये रखें। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जनपदों में खाद्यान्न से संबंधित सभी वस्तुओं के साथ ही दवाओं की भी पर्याप्त उपलब्धता रखी जाएं। शासन के उच्चाधिकारियों एवं सचिव आपदा प्रबंधन को भी जिलाधिकारियों से निरन्तर समन्वय बनाये रखने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रदेश में बहुत लोग प्रभावित हुए हैं। कुछ लोगों ने अपने परिवार के लोगों को खोया है। काफी लोग बेघर हुए हैं। ऐसे लोगों के लिए जल्द ही एक योजना लाई जा रही है। बेघर हुए लोगों को पुनर्वास की व्यवस्था, उनके रोजगार के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी। जिन बच्चों ने इस आपदा में अपने मातापिता को खो दिया है, उन बच्चों के लिए शिक्षा का इस योजना के तहत प्रबंध किया जायेगा। अतिवृष्टि के कारण प्रदेश में आपदा की स्थिति है। सड़कों, पुलों, मकानों, फसलों, बिजली एवं पानी की लाईनों का भी काफी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में अतिवृष्टि से एक हजार करोड़ से भी अधिक की परिसम्पति का प्रदेश को नुकसान हुआ है। भारत सरकार की टीम ने राज्य में हो रहे नुकसान का प्रारंभिक रूप में सर्वे भी किया है। आपदा से हो रहे नुकसान का आकलन करने के लिए राज्य सरकार से भी भारत सरकार को पत्र भेजा रहा है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, सचिव श्री शैलेश बगोली, सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत सिन्हा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव श्री सविन बंसल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts

सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन द्वारा निरंतर की जा रही है कार्यवाही

  *हरिद्वार 10 जून 2026* अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के निर्देशन…

मंत्रा हैप्पी होम, सिडकुल में 3 दिवसीय “मोटापा रोग निवारण शिविर” का सफल समापन

हरिद्वार सिडकुल, 9 जून 2026। भारतीय योग संस्थान के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से मंत्रा हैप्पी होम, सिडकुल में आयोजित तीन दिवसीय “मोटापा रोग निवारण शिविर” का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *