*हरिद्वार, 20 फरवरी 2026*

आगामी वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुम्भ मेले के दृष्टिगत देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने हेतु मेला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कुम्भ मेले के दौरान रेल मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए हरिद्वार सहित अन्य निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों पर आवश्यक अतिरिक्त सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जमीनी कवायद तेज कर दी गई है।

इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को मेला प्रशासन एवं रेलवे अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कुम्भ मेले के दृष्टिगत रेलवे द्वारा प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप आगामी कुम्भ मेले को दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर सभी संबंधित विभागों एवं संगठनों को सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुम्भ मेले से संबंधित स्थायी प्रकृति के अधिकांश कार्यों को राज्य सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

हरिद्वार रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने कहा कि यह स्टेशन श्रद्धालुओं के आगमन का प्रमुख केंद्र है, अतः यहां की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहराव स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रतीक्षा क्षेत्र तथा मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन एवं यातायात संचालन की कार्ययोजना की निरंतर समीक्षा कर इसे त्रुटिहीन बनाया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कुम्भ अवधि में ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए। प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की नियमित सफाई तथा प्रतीक्षालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने आगमन एवं प्रस्थान मार्गों के सुव्यवस्थित प्रबंधन, स्टेशन पर पर्याप्त होल्डिंग एरिया की व्यवस्था, टिकट काउंटरों की संख्या में आवश्यकतानुसार वृद्धि, हेल्पडेस्क के प्रभावी संचालन तथा उद्घोषणा प्रणाली को सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया।

मेलाधिकारी ने दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिला यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष सहायता काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत जीआरपी एवं आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। उन्होंने हरिद्वार के निकटवर्ती मोतीचूर, ज्वालापुर एवं रायवाला रेलवे स्टेशनों को भी सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इस संबंध में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर हरिद्वार रेलवे स्टेशन अधीक्षक श्री दिनेश कुमार ने अवगत कराया कि कुम्भ मेले के दृष्टिगत स्टेशन के सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। भीड़ प्रबंधन हेतु हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर दस हजार यात्रियों की क्षमता का होल्डिंग एरिया बनाए जाने की योजना है।

इस दौरान अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती सहित मेला प्रशासन, रेलवे एवं जीआरपी के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में मेलाधिकारी एवं अपर मेलाधिकारी ने लालजीवाला क्षेत्र, भीमगोड़ा बैराज तथा रोड़ी बेलवाला-खड्डा पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण कर कुम्भ मेले की तैयारियों की पड़ताल की। उन्होंने इन सभी क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं और सफाई व्यवस्था को लेकर तय समय तक सभी व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *