27 सितम्बर
हरिद्वार: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंगलवार को गैन्डीखाता नौरंगाबाद, हरिद्वार में श्री कृष्णायन गौरक्षा शाला और सीएनजी बायो फर्टिलाइजर प्लांट का भ्रमण किया।
 
           राज्यपाल ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि नवरात्र के दूसरे दिन गौ दर्शन और गौ सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा की गौशाला से भी बढ़कर जो गौरक्षा शाला का संकल्प श्री कृष्णायन गौरक्षा शाला ने लिया है वह अपने आप में अलग  है। गौ माता की रक्षा का पवित्र संकल्प इसमें समाहित है।
 
           उन्होंने कहा की गौ माता में सभी देवताओं का वास होता हैं। गौमाता की सेवा से सभी कष्ट भी दूर होते हैं और पुण्य भी प्राप्त होते हैं। भारतीय संस्कृति में गौ माता का सर्वश्रेष्ठ स्थान है। राज्यपाल ने कहा की श्री कृष्णायन गौरक्षा शाला में 14 हजार से अधिक गायों की देखभाल की जा रही है जो अपने आप में असाधारण है।
 
             राज्यपाल ने कहा की हमें गौ माता के इस दिव्य और पवित्र रूप की रक्षा करने के लिए आगे आना होगा। हमारी समृद्धि में गाय का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। प्राकृतिक और जैविक खेती में भी गौ माता का बड़ा आशीर्वाद है। 
 
            इससे पूर्व राज्यपाल ने बायो- प्लांट में स्थापित आर्गेनिक एवं बायो-फ़र्टिलाइज़र के उत्पादन एवं उससे सम्बंधित रिसर्च  प्रयोगशाला का अवलोकन किया गया।  यह प्लांट और रिसर्च सेंटर किसानो के लिए मृदा परीक्षण की सुविधा भी प्रदान करता है और किसानो को आर्गेनिक फार्मिंग के लिए प्रेरित कर रहा है। राज्यपाल ने इस दौरान गोबर से बनाये गई विभिन्न वस्तुओं और उत्पादों का अवलोकन कर इनकी सराहना की। 
       कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री कृष्णायन देशी गौ रक्षा शाला के संस्थापक अध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी ईश्वरदास जी महाराज ने बायो सी0एन0जी0 आर्गेनिक फर्टिलाइजर प्लांट नौरंगाबाद के सम्बन्ध में विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने श्री कृष्णायन देशी गौ रक्षा शाला का उल्लेख करते हुये कहा कि इस गौशाला की स्थापना वर्ष 2011 में की गयी थी, उस समय इस गौशाला में केवल 11 गायें थीं तथा वर्तमान में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा उत्तराखण्ड में हमारी गौशालाओं में 14 हजार गौवंश हैं। 
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री धन सिंह रावत, श्री कृष्णायन देशी गौ रक्षा शाला के संरक्षक स्वामी आत्मानन्द जी महाराज, स्वामी अशोकानन्द जी महाराज, स्वामी शंकरानन्द जी महाराज, स्वामी हरिहरानन्द जी, स्वामी पुष्करानन्द जी महाराज, श्री सन्तोष तनेजा, श्री राजीव गुप्ता, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन)श्री पी0एल0 शाह, सिटी मजिस्ट्रेट श्री अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम श्री पूरण सिंह राणा, एसपी सिटी श्री स्वतंत्र कुमार सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारीगण एवं पदाधिकारीगण उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *