जिलाधिकारी हरिद्वार एवं नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान

 

हरिद्वार, 04 जून 2026।

जिलाधिकारी जनपद हरिद्वार तथा नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार (आईएएस) द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नगर निगम हरिद्वार द्वारा लगातार दूसरे दिन भी नगर क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान संचालित किया गया। आज दिनांक 04 जून 2026 को प्रातः 10:30 बजे से चलाए गए अभियान हेतु दो टीमों का गठन किया गया, जिनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

टीम-1 द्वारा उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक से भीमगोड़ा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान संचालित किया गया। टीम में सफाई निरीक्षक श्री धीरेन्द्र सेमवाल एवं मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान उक्त क्षेत्र में सड़क, फुटपाथ एवं नालों के ऊपर किए गए अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए। अभियान हेतु 01 जेसीबी एवं 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग किया गया।

टीम-2 द्वारा श्री महेन्द्र यादव, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री श्रीकांत एवं मुख्य सफाई निरीक्षक श्री मनोज कुमार के नेतृत्व में भीमगोड़ा से जयराम आश्रम होते हुए सूखी नदी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान संचालित किया गया। टीम द्वारा सार्वजनिक मार्गों एवं नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाते हुए 60 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए। इस टीम के पास भी 01 जेसीबी एवं 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली उपलब्ध रही।

अभियान के दौरान दोनों टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थलों, मार्गों, नालों एवं नगर निगम की भूमि पर किए गए अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। नगर निगम अधिकारियों द्वारा संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम द्वारा अभियान के दौरान हटाए गए अतिक्रमणों की वीडियोग्राफी भी कराई गई है तथा संबंधित क्षेत्रों का अभिलेखीकरण किया गया है। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा पुनः अतिक्रमण स्थापित किया जाता है तो उसके विरुद्ध तहरीर दर्ज कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर निगम हरिद्वार ने पुनः स्पष्ट किया है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में नालों, नालियों, सार्वजनिक मार्गों एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे अतिक्रमण पाए जाने पर उन्हें तत्काल हटाया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार सामग्री को जब्त अथवा नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से नगर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Related Posts

एआरटीओ (प्रशासन) द्वारा ई-रिक्शाओं की औचक जांच, ओवरचार्जिंग एवं ओवरलोडिंग पर तीन ई-रिक्शा सीज

  *हरिद्वार, 10 जून 2026* सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत हरिद्वार में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की…

सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन द्वारा निरंतर की जा रही है कार्यवाही

  *हरिद्वार 10 जून 2026* अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के निर्देशन…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *