हरिद्वार, 23 मई। मध्य अफ्रीकी गणराज्य के राष्ट्रपति फॉस्टिन-आर्कचेंज तौडेरा ने श्री दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर माई के दर्शन कर निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज से आशीर्वाद लिया और विश्व कल्याण की कामना की। आशीर्वचन प्रदान करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा भारत की अद्भुत पहचान है। संत महापुरुषों के जप तप पर ही यह संसार फल फूल रहा है। सभी देशवासियों को राष्ट्र की एकता अखंडता और विश्व शांति कायम रखने में अपना पूर्ण सहयोग देना चाहिए। कोरोना जैसी महामारी को देश से भगाने में सबसे बड़ा योगदान देश के कर्मठ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संत महापुरुषों का है। उन्होंने कहा कि भारत ऐसा देश है जहां सनातन परंपरा और भारतीय संस्कृति को पूजा जाता है। संत महापुरूष विदेशों में भी सनातन धर्म संस्कृति का प्रचार प्रसार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मध्य अफ्रीकी गणराज्य के राष्ट्रपति फॉस्टिन-आर्कचेंज तौडेरा ने कहा कि श्री दक्षिण काली मंदिर में आकर और स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें बहुत प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन पंरपरा उन्हें हमेशा से ही प्रभावित करती रही है। भारत आकर संत महापुरुषों के दर्शन कर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। भारतीय सनानत संस्कृति अद्भुत है और यहां आने वाला प्रत्येक मनुष्य बहुत ही भाग्यशाली है। हरिद्वार से चारों धाम की यात्रा प्रारंभ होती है। ऐसे में जहां मां गंगा, भगवान केदारनाथ और भगवान बद्रीनाथ साक्षात विराजमान हैं। वह स्थान किसी स्वर्ग से कम नहीं है। उन्होंने श्री दक्षिण काली से विश्व शांति की प्रार्थना करते हुए कहा कि संत महापुरुषों का आशीर्वाद सभी के ऊपर बना रहे। राष्ट्रपति फॉस्टिन-आर्कचेंज तौडेरा मध्य अफ्रीकी गणराज्य के पूर्व प्रधानमंत्री भी रहे हैं।
मंगलवार को बाॅलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोत ने खानपुर विधायक उमेश कुमार के साथ दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की और आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज से आशीर्वाद लिया। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने मध्य अफ्रीकी गणराज्य के राष्ट्रपति फॉस्टिन-आर्कचेंज तौडेरा और अभिनेत्री कंगना रनोत को मां की चुनरी और नारियल भेंटकर आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्रपुरी महाराज ने भी मध्य अफ्रीकी राष्ट्रपति और कंगना रनोत को आशीर्वाद दिया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। आनंद अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि स्वामी कैलाशानंद गिरी मां काली के सच्चे भक्त हैं। उनकी यह ख्याति देश दुनिया जानती है। मां काली की पूजा अर्चना करने से परिवारों में सुख समृद्धि का वास होता है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता संगीत सोम, खानपुर विधायक उमेश कुमार, महंत सुरेश पुरी, महंत महेश योगी, निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *