खेल महाकुम्भ-2022 के अन्तर्गत आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से जनपद स्तर पर गठित समिति की बैठक आयोजित

हरिद्वार: जिलाधिकारी श्री विनय शंकर पाण्डेय की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में खेल महाकुम्भ-2022 के अन्तर्गत आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से न्याय पंचायत, विकास खण्ड तथा जनपद स्तर पर गठित समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी श्री मुकेश कुमार भट्ट ने खेल महाकुम्भ-2022 के सम्बन्ध में बताया कि राज्य में खेलों का वातावरण सृजित करते हुये प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चिह्नित करने के उद्देश्य से खेल, शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा आगामी 10 अक्टूबर,2022 से दिसम्बर,2022 तक जनपद में खेल महाकुम्भ-2022 का आयोजन किया जायेगा। इसमें कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वालीबाल, बैडमिण्टन, फुटबाल, टेबिल टेनिस, ताईक्वाण्डो, बाक्सिंग, जूडो, हैण्डबाल, बास्केटबाल, कराटे एवं हॉकी खेल विधाओं की प्रतियोगितायें कराई जायेंगी। उन्होंने कहा कि  इसके अन्तर्गत युवाओं को इलेक्ट्रानिक संस्कृति से प्ले गाउण्ड संस्कृति(ई-कल्चर से पी-कल्चर) की ओर आकर्षित करने के साथ ही न्याय पंचायत, विकास खण्ड, जनपद एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिता के दौरान जनपद से अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। उन्होंने यह भी बताया कि इस महाकुम्भ के अन्तर्गत अण्डर-14, अण्डर-17, अण्डर-21, 17 से 21 वर्ष तथा दिव्यांगजनों के लिये प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी, जिसके लिये पंजीकरण फार्म सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।  
जिलाधिकारी श्री विनय शंकर पाण्डेय ने बैठक में अधिकारियों से खेल अवस्थापना सुविधाओं के सम्बन्ध में पूरी जानकारी ली तथा खेल आयोजन स्थलों पर पानी, स्वास्थ्य परीक्षण आदि की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने ये भी निर्देश दिये कि पंजीकरण ऑफ लाइन के साथ-साथ ऑन लाइन भी होना चाहिये ताकि जनपद के अधिक से अधिक युवा खिलाड़ी भाग लें तथा नई-नई खेल प्रतिभायें उभरकर सामने आयें।  
बैठक में अधिकारियों ने जिलाधिकारी से खिलाड़ियों के लिये जलपान की व्यवस्था के लिये बजट का जिक्र किया, तो जिलाधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों को जलपान आदि की कहीं पर भी कोई कमी नहीं होनी चाहिये। उन्होंने तुरन्त पांच लाख रूपये खिलाड़ियों के जलपान आदि की व्यवस्था के लिये शिक्षा विभाग को अनटाइड फण्ड से, उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रतीक जैन, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन)श्री पी0एल0 शाह, डीपीआरओ श्री अतुल प्रताप सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री के0के0 गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी(माध्यमिक) श्री नरेश हल्दियानी, एसीएमओ श्री पंकज जैन सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे

Related Posts

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी हरिद्वार ने अवगत कराया

*हरिद्वार, 13 फरवरी 2026* जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी हरिद्वार ने अवगत कराया है कि मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी (राज्य स्तरीय प्रतियोगिता) खेल महाकुंभ 2025 के अंतर्गत आयोजित…

राज्य स्तरीय यूथ वॉलीबाल चैम्पियनशिप 2025-26 का चम्पावत में होगी आयोजन।

  *हरिद्वार 12 फरवरी, 2026* जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार शबाली गुरूग ने अवगत कराया है कि खेल निदेशालय उत्तराखण्ड एवं उत्तरॉचल वॉलीबाल संघ के संयुक्त तत्वाधान में चम्पावत कॉर्बेट महोत्सव…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *