हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, हरिद्वार कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश एवं राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ, हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
बलिदान और राष्ट्रसेवा की भावना को आगे बढ़ाना जरूरी : डॉ. स्वास्तिक सुरेश
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए निरंतर कार्य करें : डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय
राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ, हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए अपने दायित्वों के प्रति संकल्प लेने का पर्व है। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सा भारत की समृद्ध चिकित्सा एवं सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।
कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करना ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि : नागेश्वर उनियाल
मुख्य फार्मेसी अधिकारी नागेश्वर उनियाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का सबसे सार्थक तरीका यही है कि हम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में कार्यरत प्रत्येक कार्मिक को अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। यही राष्ट्र के प्रति हमारी सच्ची जिम्मेदारी और अमर शहीदों को वास्तविक श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्मिकों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया तथा राष्ट्रहित एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


