*प्रेस विज्ञप्ति दिनांक 10/02/2026*
आज दिनांक 10/02/2026 को उत्तरांचल पॉवर इंजीनियर्स एसोसिएशन द्वारा अधिशासी अभियंता के 40 रिक्त पदों पर पदोन्नति ना किये जाने एवं अन्य लंबित मांगों के निस्तारण न होने के चलते यूपीसीएल मुख्यालय पर पूर्व में प्रेषित नोटिस के क्रम में चरणबद्ध रूप से दूसरे दिन विरोध सभा आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता श्री मनदीप सिंह राणा द्वारा की गई।
महासचिव राहुल चानना ने कहा कि माननीय न्यायालय के आदेशानुसार जारी हुई वरिष्ठता सूची पर किसी प्रकार का कोई स्थगन आदेश नहीं है एवं *पदोन्नत सहायक अभियंता द्वारा दायर अवमानना याचिका मा० उच्च न्यायालय में भी दिनांक 03/01/26 को खारिज हो चुकी है* एवं प्रबंधन द्वारा हमेशा वार्ता में एसोसिएशन को आश्वस्त किया था कि अवमानना याचिका खारिज होने के बाद अतिशीघ्र पदोन्नति कर दी जाएगी।
विरोध सभा के माध्यम से वक्ताओं ने कहा कि कारपोरेशन में अधिशासी अभियंता के 93 स्वीकृत पदों में से 40 पद से ज्यादा रिक्त चल हैं, जिसके चलते कई अभियंताओं को दोहरा कार्यभार देखना पड़ रहा है जो कि निगम व राज्य हित में नहीं है साथ ही राज्य की सम्मानित जनता को अभियंताओं की कमी के कारण सभी सुविधाएं व लाभ नहीं मिल पाने में आ रही कठिनाई से इंकार नहीं किया जा सकता।
राहुल चानना ने कहा कि उपरोक्त प्रकरण से अतिरिक्त नवनियुक्त सहायक अभियंताओं को विभागीय संयोजन की सुविधा, प्रारंभिक इंक्रीमेंट का लाभ व स्थायीकरण का प्रकरण इत्यादि पर भी कोई सकारात्मक कार्यवाही प्रबंधन के आश्वासन के बावजूद नहीं हुई है, जिसके कारण एसोसिएशन को आंदोलन की राह के विकल्प पर जाने हेतु बाध्य होना पड़ा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री युद्धवीर सिंह तोमर ने कहा कि कॉरपोरेशन द्वारा अंतिम वरिष्ठता सूची के उपरांत व पात्रता प्राप्त होने के बावजूद भी सीधी भर्ती के सहायक अभियंता अपनी प्रथम पदोन्नति को पिछले 16 वर्षों से वंचित चल रहे हैं, जिससे सभी सदस्यों में भारी रोष व्याप्त है, व आंदोलन के प्रथम चरण की गेट मीटिंग के बाद भी प्रबंधन द्वारा कोई हल न निकाल जाने की स्थिति में आज दूसरे दिन भी एसोसिएशन को विरोध सभा करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने चेताया कि अधिशासी अभियंता के रिक्त पदों पर पदोन्नति न होने तक एवं अन्य लंबित मांगों के निराकरण न होने तक, आंदोलन जारी रहेगा तथा इसी क्रम में मांगे न पूरी होने की दशा में तीसरे दिन कल दिनांक 11/02/26 को भी यूपीसीएल मुख्यालय में विरोध सभा आयोजित की जायेगी।
आज आयोजित विरोध सभा में एसोशिएशन के अध्यक्ष इ० युद्धवीर तोमर, महासचिव इ० राहुल चानना, मुख्य अभियंता इ० जसवंत सिंह, इ० मोहित जोशी, इ० एन एस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता इ० नवीन मिश्रा, इ० विकास गुप्ता, इ०अनिल धीमान, इ० मोहित डबराल एवं अन्य सदस्य विपिन कुमार, मुकेश कुमार, सौरभ पांडे, शैलेश मिश्रा, हिमांशु बडोनी, श्वेता, मीनाक्षी, कल्पना, नीति, अनुज, आशीष इत्यादि के अनेक अभियंता मौजूद थे।
