*हरिद्वार, 28 नवंबर :* संविधान दिवस एवं नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत पतंजलि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा विजडम वर्ल्ड स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में पतंजलि विश्वविद्यालय के NSS स्वयंसेवकों ने संविधान दिवस के महत्व, योग की उपयोगिता, नशे के दुष्परिणाम, नशामुक्त जीवन के उपाय तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचारोत्तेजक व्याख्यान प्रस्तुत किए। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों की जानकारी देते हुए एक जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विजडम वर्ल्ड स्कूल की छात्राओं ने भी कविता पाठ एवं व्याख्यान के माध्यम से संविधान के महत्व और उसके मूल आदर्शों पर अपने विचार अभिव्यक्त किए। कार्यक्रम में आयोजित केक सेरेमनी ने एकता, समानता एवं सामूहिक सहभागिता के भाव को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की छात्राओं एवं NSS स्वयंसेवकों ने नशे तथा नशीले पदार्थों से सदैव दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करने की शपथ ली। सभी ने नशामुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह प्रेरक संदेश दिया गया कि संविधान के आदर्शों का वास्तविक अनुपालन तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग हो। वहीं, योग, संयम एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाकर ही स्वस्थ, जागरूक, संस्कारित एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।




