*हरिद्वार, 28 नवंबर 2026*

गंगा नदी की स्वच्छता, निर्मलता एवं संरक्षण को लेकर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में उपवन संरक्षक एवं सदस्य सचिव, जिला गंगा समिति हरिद्वार के तत्वावधान में जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा गंगा घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर निगम हरिद्वार को निर्देशित किया गया कि शहर के समस्त डेयरी संचालकों को नालों में गोबर न डालने के लिए जागरूक किया जाए। निर्देशों का अनुपालन नहीं करने वाले डेयरी संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए। साथ ही गंदगी एवं प्लास्टिक फैलाने वालों के खिलाफ अधिक से अधिक चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जल संस्थान हरिद्वार को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार का गंदा पानी अथवा नाले का पानी गंगा नदी में न गिरने पाए। इसके लिए नियमित निगरानी की जाए तथा ऐसी स्थिति सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
गंगा किनारे स्थित घाटों पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अतिक्रमण हटाने के लिए गठित टीमों के माध्यम से अभियान को और गति देते हुए घाटों को अतिक्रमणमुक्त बनाया जाए।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने सभी संबंधित विभागों एवं समिति के सदस्यों से गंगा संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपेक्षा की। उन्होंने गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया।
बैठक में मीनाक्षी मित्तल, राजेश चौहान, राजेंद्र सिंह, सत्यदेव आर्य, एमएन जोशी, कुलदीप सिंह, प्रशांत पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *