नगर आयुक्त ने किया नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, वर्षाकाल से पूर्व व्यापक सफाई के दिए निर्देश

 

हरिद्वार, 31 मई 2026। वर्षाकाल की तैयारियों के दृष्टिगत नगर निगम हरिद्वार द्वारा नगर क्षेत्र में संचालित नाला सफाई अभियान के अंतर्गत आज नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार (आईएएस) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम मार्ग, ऋषिकुल-रानीपुर मार्ग सहित नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त द्वारा रानीपुर मोड़ से शंकर आश्रम की ओर तथा ऋषिकुल से रानीपुर की ओर जाने वाले दोनों ओर स्थित नालों की सफाई व्यवस्था का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।

नगर आयुक्त द्वारा गोविंदपुरी स्थित बड़े बरसाती नाले के सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया गया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वर्षाकाल प्रारंभ होने से पूर्व समस्त प्रमुख नालों की तली झाड़ सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए, जिससे वर्षा के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी एवं मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों को नाला सफाई कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप सभी नालों की सफाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए तथा सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि सफाई कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा वर्षाकाल से पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।

नगर निगम हरिद्वार द्वारा इस वर्ष नाला सफाई कार्यों के लिए विशेष रूप से 175 कार्मिकों की नाला गैंग गठित की गई है। उक्त कार्मिकों द्वारा नगर क्षेत्र के 133 छोटे-बड़े नालों की नियमित सफाई का कार्य कराया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने बताया कि नगर क्षेत्र के लगभग 15 बड़े नालों की सफाई निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कराई जानी है। इस संबंध में निविदा प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है तथा संबंधित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाएगा।

नगर निगम हरिद्वार द्वारा वर्षाकाल के दृष्टिगत नालों एवं बरसाती जल निकासी तंत्र की सफाई एवं अनुरक्षण का कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है, जिससे नगर क्षेत्र में जलभराव की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।  

Related Posts

राज्य सहकारी नीति-2026 को कैबिनेट से मिली मंजूरी

  *देहरादून, 25 अगस्त 2026 सूबे में सहकारिता क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए राज्य कैबिनेट ने आज ‘उत्तराखंड राज्य सहकारी नीति-2026’ को मंजूरी दे ही है। इस नीति का…

जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, पर्यटन कार्यालय भवन एवं परिसर का लिया जायजा

    *हरिद्वार, 25 अगस्त 2026 जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने मंगलवार को जिला पर्यटन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली तथा पर्यटन कार्यालय भवन एवं परिसर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *