*हरिद्वार, 25 नवंबर 2026*

देव दीपावली के पावन अवसर पर कुंभनगरी हरिद्वार में प्रवेश के बाद श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात ने पांडेवाला स्थित अपने प्रवास स्थल पर अखाड़े की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां प्रारंभ कर दी हैं। अखाड़े के इष्टदेव की विधि-विधान से प्रतिष्ठा, चारों दिशाओं में चार मढ़ियों की स्थापना और धूनियों के प्रज्वलन के साथ यहां संतों की साधना और आध्यात्मिक प्रवास का क्रम शुरू हो गया है। धूनी की पवित्र अग्नि, संतों के मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पांडेवाला का वातावरण आध्यात्मिक चेतना से गुंजायमान होने लगा है। इसके साथ ही कुंभ मेला-2027 से जुड़ी धार्मिक गतिविधियों ने भी गति पकड़नी शुरू कर दी है।

*इष्टदेव की प्रतिष्ठा, चारों मढ़ियों में प्रज्वलित हुईं धूनियां*

रमता पंचों के आगमन के साथ ही पांडेवाला स्थित प्रवास स्थल पर जूना अखाड़े के इष्टदेव को विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ विराजमान किया गया। अखाड़े की प्राचीन परंपरा के अनुसार परिसर की चारों दिशाओं में चार मढ़ियों के तंबू स्थापित किए गए हैं। इनमें धूनी प्रज्वलित कर साधना का क्रम शुरू कर दिया गया है। अखाड़ों की परंपरा में धूनी का विशेष आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व है। यह संतों की तपस्या, साधना और अखंड आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक मानी जाती है।

प्रवास स्थल पर अखाड़े के पारंपरिक शस्त्रों को भी स्थापित किया गया है। शास्त्र और शस्त्र दोनों को समान महत्व देने वाली अखाड़ों की परंपरा में इनका विशिष्ट स्थान है। शास्त्र जहां ज्ञान, वैराग्य और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग प्रशस्त करते हैं, वहीं शस्त्र धर्म और संस्कृति की रक्षा के संकल्प के प्रतीक रहे हैं। इस प्रकार पांडेवाला में अखाड़े की आध्यात्मिक और शौर्य परंपरा का विशिष्ट स्वरूप एक साथ दिखाई देने लगा है।

*ज्ञान-ध्यान और तप-साधना की शुरू हुई नियमित दिनचर्या*

रमता पंचों के प्रवास के साथ ही संतों की नियमित दिनचर्या के अनुरूप धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। पूजा-अर्चना, जप, ध्यान, सत्संग, चिंतन-मनन और तप-साधना के माध्यम से अखाड़े की पारंपरिक जीवनशैली यहां आकार लेने लगी है। इसके साथ ही कुंभ मेला से जुड़ी आगामी धार्मिक गतिविधियों और अखाड़े की व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

पांडेवाला में अखाड़े का प्रवास महज एक पड़ाव नहीं, बल्कि कुंभ की प्राचीन परंपराओं के अनुरूप साधना, अनुशासन और आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है। यहीं से आगामी कुंभ में अखाड़े की छावनी स्थापना और विभिन्न धार्मिक आयोजनों की तैयारियां भी आगे बढ़ेंगी।

*पंडा समाज ने परंपरानुसार किया जमात का स्वागत*

तीर्थ पुरोहितों के संगठन पंचायती धड़ा फिराहेडियान-1200 के पदाधिकारियों ने परंपरानुसार रमता पंचों की जमात का पांडेवाला आगमन पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। संगठन के अध्यक्ष सचिन कौशिक, मंत्री उमाशंकर वशिष्ठ तथा कोषाध्यक्ष अनिल कौशिक ने अखाड़े के प्रतिनिधियों से भेंट कर प्रवास की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि अखाड़े के प्रवास और कुंभ मेला की तैयारियों से जुड़ी व्यवस्थाओं में सहयोग करना पंडा समाज की पुरानी परंपरा का हिस्सा है। पंचायती धड़ा फिराहेडियान इस परंपरा का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेगा।

*मेला प्रशासन के अधिकारियों ने की संतों से भेंट*

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशानुसार बुधवार को अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी श्री मनजीत सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने पांडेवाला पहुंचकर रमता पंचों और अखाड़े के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रवास स्थल की व्यवस्थाओं, आगामी धार्मिक गतिविधियों तथा कुंभ छावनी की स्थापना से संबंधित तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कुंभ की सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए अखाड़े के पदाधिकारियों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

*कुंभ की तैयारियों की सराहना, अखाड़े ने दिया सहयोग का भरोसा*

जूना अखाड़े के पदाधिकारियों ने कुंभ मेला-2027 के आयोजन को लेकर मेला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की सराहना की। रमता पंचों की जमात के नगर प्रवेश पर किए गए भव्य स्वागत के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कुंभ के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन में अखाड़े की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

पांडेवाला प्रवास स्थल पर मेला प्रशासन के अधिकारियों के साथ हुई भेंट के दौरान अखाड़े के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत शैलेन्द्र गिरी, सचिव श्रीमहंत कंचन गिरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अखाड़े के सचिव श्रीमहंत कंचन गिरी ने कहा कि रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ ही कुंभ की धार्मिक गतिविधियों का आगाज हो गया है। अखाड़े की ओर से भी कुंभ मेला से जुड़ी तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई हैं। आगामी दिनों में अखाड़े की परंपरा के अनुसार धर्मध्वजा स्थापना, पेशवाई सहित विभिन्न धार्मिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अखाड़े के प्रतिनिधियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुंभ के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। श्रीमहंत कंचन गिरी ने कहा कि कुंभ सनातन संस्कृति का सर्वोच्च महापर्व है। इस महापर्व के माध्यम से सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।

*अन्य अखाड़ों की गतिविधियां भी होंगी प्रारंभ*

कुंभ की परंपरा में अखाड़ों का आगमन, उनकी छावनियों की स्थापना, धर्मध्वजा और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजन के महत्वपूर्ण पड़ाव होते हैं। जूना अखाड़े के रमता पंचों के प्रवास के साथ हरिद्वार में इन गतिविधियों का क्रम शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में अन्य अखाड़े भी अपनी परंपराओं और निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार कुंभ से जुड़ी धार्मिक गतिविधियां प्रारंभ करेंगे।

इससे कुंभनगरी में साधु-संतों, संन्यासियों और श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ेगी। गंगा तट पर स्थापित होने वाली अखाड़ों की छावनियों, धूनी और धर्मध्वजाओं के बीच हरिद्वार एक बार फिर अपनी विशिष्ट अखाड़ा परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और सनातन संस्कृति की भव्यता के साथ कुंभ महापर्व के स्वागत की ओर अग्रसर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *