रेड अलर्ट को लेकर नगर निगम हरिद्वार अलर्ट, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश

 

हरिद्वार, 19 जुलाई। मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट एवं संभावित भारी वर्षा को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार के स्वच्छता सेल कार्यालय में रविवार को नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारी वर्षा के दौरान संभावित जलभराव एवं आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों की समीक्षा करना रहा।

बैठक में नगर आयुक्त ने सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों एवं सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र के सभी संवेदनशील एवं जलभराव संभावित स्थलों पर पंप सेट पूर्व से ही स्थापित कर दिए जाएं, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जा सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने विष्णु घाट क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए वहां एक जेसीबी एवं दो ट्रैक्टर-ट्रॉली अग्रिम रूप से तैनात रखने के आदेश दिए। साथ ही भगत सिंह चौक, संदेश नगर, पुराना आरटीओ चौक सहित अन्य जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक संसाधनों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित मुख्य सफाई निरीक्षकों को दिए।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि रेड अलर्ट की अवधि में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि नगर निगम हरिद्वार द्वारा मानसून प्रारंभ होने से पूर्व ही नगर क्षेत्र के सभी 148 नालों की 2 से 3 चरणों में तलीझाड़ सफाई का कार्य पूर्ण करा लिया गया था, जिसके फलस्वरूप वर्षा जल की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर पूर्व तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

नगर आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा जलभराव की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक श्री मनोज कुमार, श्री संजय शर्मा, श्री अर्जुन सिंह, श्री धीरेंद्र सेमवाल, श्री विकास चौधरी, श्री विकास छाछर, श्री सुरेंद्र, श्री सुनील मलिक सहित नगर निगम के अन्य सफाई निरीक्षक उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों को 24×7 सतर्क रहकर नगर क्षेत्र में प्रभावी जल निकासी एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

Related Posts

जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; पंतद्वीप पार्किंग से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

  *हरिद्वार 19 जुलाई 2026* आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी…

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सभी विभागों ने कांवड़ मेले की तैयारियां तेज कीं, धरातल पर युद्धस्तर पर कार्य जारी

  *हरिद्वार, 19 जुलाई 2026* आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सम्बंधित विभागों को की जाने वाली…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *