हरिद्वार : श्री गणेश जोशी, मंत्री कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग ने रविवार को दैनिक भास्कर द्वारा ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में आयोजित शहीद सैनिक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया तथा उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और हास्य कविताओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को भी सम्मानित किया।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है,देश की रक्षा के लिए सीमा पर खड़ा हर पांचवा सैनिक उत्तराखंड से होता है। उन्होंने कहा आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में सैनिकों पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार ने सैनिकों को उनके शौर्य के लिए मिले मेडल के आधार पर राशि को बढ़ाया है तथा सैनिकों के सम्मान में देहरादून के गुनियाल गांव में पांचवे धाम के रूप में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कार्य गतिमान है। उन्होंने कहा निर्माणाधीन सैन्य धाम के लिए प्रदेश के 1734 शहीद सैनिकों के आंगन से कलश में मिट्टी लायी गयी है, जिसे यहां बनने वाली अमर जवान ज्योति की नींव में रखा गया है। उन्होंने कहा सैन्य धाम के प्रवेश द्वार का नाम पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम से रखा जा रहा है। वहीं प्रांगण में बाबा जसवंत सिंह और हरभजन सिंह का मंदिर भी बनाया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कई जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शहीद द्वार / स्मारकों के निर्माण कार्य अब सैनिक कल्याण विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है। पहले यह संस्कृति विभाग के माध्यम से कराया जाता था। उन्होंने कहा कि वीरता चक्र श्रृंखला से अलंकृत सैनिकों और वीर नारियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जा रही है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
श्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार ने सैनिकों या उनके आश्रितों को मिलने वाली अनुदान राशि बढ़ाने से लेकर शहीद सैनिकों के आश्रितों को राज्य सरकार के अधीन आने वाली नौकरियों में वरीयता के आधार पर नियुक्ति देने का भी फैसला लिया गया है। सैनिकों पूर्व सैनिकों के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेकों कार्य किए जा रहे हैं।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने आयोजकों को कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर कुलपति आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय सुनील जोशी, वैद्य एमo आर o शर्मा, डॉ. नरेश चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल,उद्योगपति, नरेश जैन, अभिषेक गौड़,सचिन शर्मा, अभिनंदन गुप्ता कवि मनु शिवपुरी, सुशील बडोला,सुनील शर्मा, सहित विशिष्ट जन उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *