हरिद्वार, 21 जून 2026।
सामुदायिक केन्द्र समिति (रजि.) शिवालिक नगर द्वारा आज 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामुदायिक केन्द्र परिसर में भव्य योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, योग साधकों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रानीपुर विधायक श्री आदेश चौहान, सभासद श्री वीरेंद्र अवस्थी, श्री पंकज चौहान, श्री हरिओम चौहान, श्री दिनेश वर्मा, समिति अध्यक्ष श्री उमेश कुमार शर्मा, समिति सचिव श्री भारत भूषण एवं समिति के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री आदेश चौहान ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
समिति सचिव श्री भारत भूषण ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर भारतीय योग संस्थान के अनुभवी योग शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा योग के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व से भी सभी को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मातृशक्ति द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके उपरांत समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
योग सत्र के दौरान प्रवीण कपिल, अनिता वर्मा, अनिल शर्मा, प्रेमचंद शिमरा, सुमन सैनी, ब्रजपाल सैनी, श्रवण त्यागी एवं भारत भूषण ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। भारतीय योग संस्थान के जिला प्रधान श्री सुरेश भट्ट ने योग एवं ध्यान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि ध्यान के माध्यम से व्यक्ति स्वयं से जुड़कर मानसिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा प्राप्त कर सकता है। वहीं श्रीमती अनिता वर्मा ने उपस्थित सभी साधकों को नियमित योगाभ्यास का संकल्प दिलाया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए समिति अध्यक्ष श्री उमेश कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित साधकों का आभार व्यक्त किया तथा योग को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए इसे प्रत्येक परिवार तक पहुँचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन श्री अनिल शर्मा द्वारा शांति पाठ के साथ किया गया।
योग दिवस समारोह को सफल बनाने में समिति के भारत भूषण, राकेश शर्मा, शरत चंद, नेपाल गुप्ता, सर्वेश रानी चौहान, रविन्द्र चौहान, ओम प्रकाश सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारतीय योग संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही तथा टीकाराम एवं बलराम का विशेष सहयोग उल्लेखनीय रहा।
इस अवसर पर उपेंद्र शर्मा, कपूर जी, पूनम कपिल, बबली शर्मा, आदेश शर्मा, निहारिका सहित भारतीय योग संस्थान के विभिन्न केंद्रों से विमला सिंह, सरिता शर्मा, शिप्रा गुप्ता, हेम वर्मा, अर्चना, धर्म सिंह, आर.एस. मिश्रा एवं बड़ी संख्या में शिवालिक नगर के गणमान्य नागरिक एवं योग साधक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सामुदायिक केन्द्र समिति द्वारा सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया। 


कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष श्री उमेश कुमार शर्मा ने की, जबकि संचालन समिति सदस्य श्री प्रवीण कपिल ने किया।


