हरिद्वार, 3 नवंबर 2026। नगर आयुक्त महोदय, नगर निगम हरिद्वार के निर्देशों एवं माननीय जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित के दिशा-निर्देशों के क्रम में गंगा बंदी के दौरान मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता एवं अविरलता बनाए रखने के उद्देश्य से कनखल क्षेत्र स्थित दक्ष मंदिर एवं शीतला माता मंदिर घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में सहायक नगर आयुक्त श्री गौरव रावत, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार तथा सुपरवाइजर बलराम, दीपक, प्रदीप, अमित सहित नगर निगम की टीम उपस्थित रही।
इस स्वच्छता अभियान में श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल, आदर्श युवा समिति, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स, डीएवी पब्लिक स्कूल की एनएसएस यूनिट एवं एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जगजीतपुर की टीमों ने सक्रिय सहभागिता की।
अभियान के दौरान गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 150 बैग कपड़ा कचरा एकत्रित किया गया, जिसे उचित निस्तारण हेतु नगर निगम हरिद्वार को सुपुर्द किया गया।
इस अवसर पर एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 165 स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया। संस्थान की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी श्री उमराव सिंह के नेतृत्व में शिक्षकगण शशांक, रूपा बिश्नोई एवं सुनीति त्यागी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल की ओर से श्रीमती अमिता सिंह के नेतृत्व में एनएसएस यूनिट की टीम ने भी अभियान में सहभागिता की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. एस.पी. सिंह ने कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षकगण एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की तथा सभी को शुभकामनाएं दीं।
नगर निगम हरिद्वार द्वारा सभी सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि मां गंगा की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को मजबूती मिलती है।
