आयुष मंत्री मदन कौशिक ने दिखाई हरी झंडी, “रन फॉर योगा” कार्यक्रम उत्साहपूर्वक सम्पन्न

हरिद्वार, 17 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित “रन फॉर योगा” कार्यक्रम देवपुरा चौक से चंद्राचार्य चौक तक उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर योग एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी, ऋषिकुल परिसर निदेशक प्रो. अनूप गक्कड़ तथा आचार्य रजनीश योगी ने हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी, ऋषिकुल परिसर निदेशक प्रो. अनूप गक्कड़, गुरुकुल परिसर निदेशक प्रो. गिरिराज गर्ग, आचार्य रजनीश योगी, प्रो. संजय त्रिपाठी, प्रो. संजय सिंह, प्रो. सुरेश चौबे, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी हरिद्वार डॉ. स्वास्तिक सुरेश तथा अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अतुल सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

योग स्वस्थ एवं विकसित भारत की आधारशिला : आयुष मंत्री मदन कौशिक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि “रन फॉर योगा” जैसे आयोजन युवाओं और समाज के सभी वर्गों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

योग को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम : विकास तिवारी
प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित गतिविधियां समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मकता का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की पावन भूमि से योग के प्रसार का यह अभियान निश्चित रूप से अधिकाधिक लोगों को योग से जोड़ने में सफल होगा।

कार्यक्रम में ऋषिकुल राजकीय आयुर्वैदिक फार्मेसी हरिद्वार के अधीक्षक डॉ. अशोक तिवारी, प्रबंधक डॉ. दीपिका वर्मा, डॉ. विकास जैन, नवीन थपलियाल सहित राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालयों के समस्त मुख्य फार्मेसी अधिकारी, फार्मेसी अधिकारी, स्टाफ नर्स, पंचकर्म सहायक, योग अनुदेशक, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सहायक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा ऋषिकुल एवं गुरुकुल परिसर के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

“रन फॉर योगा” का उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में भाग लेकर “योग अपनाएं, स्वास्थ्य पाएं” का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन चंद्राचार्य चौक पर किया गया, जहां सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया गया। यह आयोजन जनपद में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जनसहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।

Related Posts

पतंजलि विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का शुभारंभ

  हरिद्वार 17 जून। पतंजलि विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान’ के तहत आज भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के…

विश्व योगासन चैम्पियनशिप 2026 में भारत का दबदबा, डॉ. आरती पाल और पतंजलि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का गौरव

  हरिद्वार 17 जून। भारतीय महिला टीम की कप्तान तथा पतंजलि विश्वविद्यालय की डॉ. आरती पाल ने, प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *