हरिद्वार
*कमीशनिंग से पहले सीवर लाइन में अपशिष्ट जल प्रवाहित करना प्रतिबंधित, विभाग स्वयं करेगा भवनों के सीवर कनेक्शन*
उत्तराखण्ड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा), हरिद्वार ने शहरवासियों को अप्रचालित (Un-commissioned) सीवर लाइनों से घरेलू सीवर कनेक्शन न जोड़ने की सख्त हिदायत दी है। केएफडब्ल्यू वित्त पोषित परियोजना के अंतर्गत हरिद्वार के विभिन्न वार्डों में सीवर नेटवर्क बिछाने का कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में इन सीवर लाइनों का परीक्षण एवं कमीशनिंग (Testing & Commissioning) किया जा रहा है।
परियोजना प्रबंधक ने बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ भवन स्वामियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा अपने घरेलू सीवर कनेक्शन नवनिर्मित एवं अप्रचालित सीवर लाइनों से अनधिकृत रूप से जोड़े जा रहे हैं। ऐसा करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। सीवर लाइन के चालू होने से पहले उसमें सीवेज प्रवाहित करने से नवनिर्मित नेटवर्क को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही लाइन की कमीशनिंग पूरी न होने के कारण विभिन्न स्थानों पर सीवर ओवरफ्लो होने की आशंका भी बनी रहती है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्थान पर अनधिकृत सीवर कनेक्शन, सीवेज प्रवाह अथवा सीवर ओवरफ्लो की स्थिति पाई जाती है तो संबंधित भवन स्वामी या प्रतिष्ठान के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, प्रचलित नियमों एवं अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने नागरिकों एवं भवन स्वामियों से अपील की है कि वर्तमान में बिछाई गई अप्रचालित सीवर लाइन से किसी भी प्रकार का घरेलू सीवर अथवा अपशिष्ट जल का संयोजन न करें। सीवर लाइन के विधिवत कमीशन होने के बाद परियोजना के अंतर्गत आने वाले सभी भवनों के सीवर कनेक्शन विभाग की ओर से स्वयं किए जाएंगे। विभाग ने जनहित में नागरिकों से नियमों का पालन करने और परियोजना के कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
मोहन राजा सांगवान की रिपोर्ट



