हरिद्वार, 30 अक्टूबर। तपोनिधि श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी में अखाड़े के आराध्य भगवान कार्तिकेय की जयंती श्रद्धापूर्वक मनायी गयी। कार्यक्रम के अंतर्गत अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज के सानिध्य में संतों ने भगवान कार्तिकेय की पूजा अर्चना और आरती कर विश्वकल्याण की कामना की। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानंद गिरी महाराज की अध्यक्षता में संत सम्मेलन का आयोजन भी किया गया। संत सम्मेलन के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि निरंजनी अखाड़े के आराध्य भगवान कार्तिकेय देवताओं के सेनापति हैं। भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र कार्तिकेय ने तारकासुर का संहार कर उसके आतंक से संसार को मुक्ति दिलायी। उन्होंने कहा कि संदैव लोकहित के लिए तत्पर रहने वाले संतों के सानिध्य में आने वाले भक्तों का कल्याण अवश्य होता है। उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दी। जयराम पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने सभी को कार्तिकेय जयंती व छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन धर्म संस्कृति के उत्थान व प्रचार प्रसार में अखाड़ों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को सनातन संस्कृति से अवगत कराने के लिए संत समाज निरंतर प्रयास कर रहा है। संघ प्रचार पदम सिंह, सांसद डा.रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानन्द, भाजपा जिलाध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चैहान, ओमप्रकाश जमदग्नि, अनिल अरोड़ा भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। डा.निशंक ने कहा कि भगवान कार्तिकेय जन-जन के आराध्य हैं। सभी को संत समाज द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करते हुए धर्म संस्कृति के उत्थान में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानंद गिरी महाराज ने कहा कि समाज को ज्ञान की शिक्षा देकर सद्मार्ग पर अग्रसर करने में संत समाज महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान कार्तिकेय पूजा अर्चना करने से परिवारों में सुख समृद्धि का वास होता है। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत बलवीर गिरी, महंत दिनेश गिरी ने सभी संत महापुरूषों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एसएमजेएन कालेज के प्राचार्य डा.सुनील बत्रा ने किया। इस अवसर पर श्रीमहंत बलराम भारती, महामंडलेश्वर संतोषी माता, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, दिगंबर राजगिरी, श्रीमहंत नरेश गिरी, महंत आलोक गिरी, महंत रवि पुरी, महंत ईश्वर दास, महंत शिवशंकर गिरी, महंत सूरज दास, दिगंबर गंगा गिरि, दिगंबर उमेश भारती, श्रीमहंत शिव वन, दिगंबर आनंद गिरि, महंत प्रेम दास, सतपाल ब्रह्मचारी, गंगा सभा अध्यक्ष प्रदीप झा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व राज्यमंत्री संजय सहगल, सीएम के ओएसडी कृष्ण कुमार मदान, प्रदीप शर्मा, मनसा देवी मंदिर के ट्रस्टी अनिल शर्मा, बिंदु गिरि, दिगंबर राजगिरि, कुलदीप वालिय, अनिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *