कर्म के अनुसार ही मनुष्य को फल प्राप्त होता-श्रीमहंत रविंद्रपुरीहरिद्वार, 17 अगस्त। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कर्म ही प्रधान है और मनुष्य को कर्म के अनुसार ही फल प्राप्त होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए। मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालु भक्तों को कर्म की महिमा से अवगत कराते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को अपने पारिवारिक दायित्व का पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करना चाहिए। सनातन धर्म संस्कृति का पालन करते हुए परिवार का पालन पोषण करे और संतान को अच्छे संस्कार दें। जो व्यक्ति अपने पारिवारिक दायित्वों का कुशलता पूर्वक पालन करते हैं। उन पर ईश्वर की कृपा सदैव बनी रहती है। उन्होंने कहा कि कर्म ही अगले जन्म का निर्धारण करते हैं। इसलिए मनुष्य के रूप में जीवन का पूरा लाभ उठाएं। परिवार के प्रति जिम्मेदारियों का पालन करने के साथ ईश्वरीय आराधना भी अवश्य करें। संत महापुरूषों का सानिध्य करें। संत महापुरूषों के सानिध्य में मिले ज्ञान को आचरण में शामिल करें और मानव कल्याण में योगदान करें। उन्होंने कहा कि संत के लिए पूरा संसार परिवार के समान है और अच्छे कर्म करने वाला प्रत्येक मनुष्य संत के समान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *