हरिद्वार

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद(SCERT), उत्तराखंड के तत्वावधान में नवाचार कार्यक्रम के रूप में अकादमिक वर्ष 2025 -26 में सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय, संकुल, विकासखंड, जनपद तत्पश्चात राज्य स्तर पर सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
सामाजिक विज्ञान विषय के व्यापक प्रयोग एवं महत्ता को आम लोगों तक प्रचारित करने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में वर्ष 2025 26 हेतु “सतत पोषणीय विकास सुदृढ़ और समृद्ध भविष्य का आधार जागरूक बालमन एक उत्तरदायी समाज” थीम का चयन किया गया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुसार शिक्षा प्रणाली में सशक्त नागरिक बनाने के लिए सामाजिक विज्ञान विषय को और व्यवस्थित, वैज्ञानिक तथा सर्वग्राह्य बनाया जाना नितांत आवश्यक है। इसी परिपेक्ष में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक विज्ञान महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न स्तरों यथा विद्यालय स्तर, संकुल स्तर, विकासखंड स्तर, जनपद और राज्य स्तर पर तीन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
1. मॉडल मूल्यांकन प्रदर्शनी प्रतियोगिता
2. भाषण प्रतियोगिता और
3. सामाजिक विज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता
विद्यालय, संकुल, विकासखंड, जनपद तत्पश्चात राज्य स्तर पर क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान(DIET), रुड़की द्वारा इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु श्री भूपेंद्र सिंह प्रवक्ता(DIET) को प्रभारी तथा डॉ. संतोष कुमार चमोला, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मुंडाखेड़ा कला, लक्सर को जिला सामाजिक विज्ञान समन्वयक नामित किया गया है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में जनपद के समस्त राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पीएम श्री विद्यालयों अटल उत्कृष्ट विद्यालयों तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 तक अध्यनरत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।
मॉडल निर्माण प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय “लोक कल्याण हेतु सामाजिक विज्ञान का व्यावहारिक अनुप्रयोग” है।
भाषण प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय “सतत पोषणीय विकास” है।
सामाजिक विज्ञान क्विज प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता में कक्षा 6, 7 व 8 की सामाजिक विज्ञान की पुस्तकों तथा उत्तराखंड के सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्न सम्मिलित होंगे।
आम जनमानस एवं शिक्षाविदों द्वारा शिक्षा विभाग, उत्तराखंड की इस अभिनव पहल के रूप में आयोजित होने वाले सामाजिक विज्ञान महोत्सव का स्वागत किया जा रहा है।
इसके माध्यम से सामाजिक विज्ञान विषय को अपना विशिष्ट स्वरूप एवं महत्व प्राप्त होगा तथा लोगों में अपने आसपास के सामाजिक परिवेश के प्रति जन जागरूकता फैलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *