हरिद्वार — नगर निगम हरिद्वार द्वारा नगर क्षेत्र में आज व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ एवं विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत बिरला घाट, सुभाष घाट तथा गौ घाट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए साफ-सफाई कराई गई।

इसी क्रम में प्रेम नगर चौक पर अतिक्रमण हटाकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही भगत सिंह चौक के समीप स्थित भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड की भूमि पर भी नगर निगम द्वारा सफाई अभियान संचालित किया गया।

वहीं बैरागी शिविर क्षेत्र में सिंचाई विभाग, उत्तराखंड की भूमि से 20 से अधिक दुकानों के अतिक्रमण हटाए गए। यह कार्रवाई संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए की गई।

नगर निगम हरिद्वार ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार सामान्यतः जिस विभाग की भूमि होती है, उसी विभाग द्वारा अपनी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है। किंतु कई विभागों के पास पर्याप्त मानव संसाधन एवं आवश्यक मशीनों की उपलब्धता न होने के कारण नगर निगम हरिद्वार जनहित में अन्य विभागों को सहयोग प्रदान कर रहा है।

नगर निगम प्रशासन द्वारा बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए उनकी भूमि पर भी स्वच्छता अभियान एवं अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जा रहा है। इस समन्वित पहल का उद्देश्य नगर की स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं सार्वजनिक हित को सुदृढ़ करना है। नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार का सहयोगात्मक अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *