हरिद्वार
आज दिनांक 15 सितंबर 2026 को भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के तत्वाधान में भारती स्कूल आफ नर्सिंग, बेडपुर, हरिद्वार में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला हरिद्वार के मान्यता प्राप्त संस्थानों के योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सहायक पाठ्यक्रम के अध्यनरत छात्र छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना तथा दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ जे एन नौटियाल, विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के बोर्ड सदस्य डॉक्टर महेंद्र सिंह राणा उपस्थित रहे। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में डॉक्टर विनोद नौटियाल, संपर्क अधिकारी, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर, डॉक्टर रजनी नौटियाल, असिस्टेंट प्रोफेसर, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर तथा डॉक्टर रविकांत शर्मा विभाग अध्यक्ष, स्पर्श हिमालयीय विश्वविद्यालय, डोईवाला देहरादून द्वारा छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया गया । कार्यशाला में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड से मान्यता प्राप्त हरिद्वार जिले के संस्थानों के निदेशकों, प्रधानाचार्य तथा प्रतिनिधियों द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड की रजिस्ट्रार श्रीमती नर्वदा गुसाई द्वारा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषय की कार्यशाला के विषय में जानकारी दी गई तथा भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड द्वारा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में किया जा रहे कार्यों, संचालित पाठ्यक्रम तथा शासन स्तर पर प्रेषित प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी गई।
डॉ जे एन नौटियाल द्वारा छात्र छात्राओं को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रयोगात्मक कार्य किए जाने तथा योग को अपने जीवन में दैनिक प्रयोग में लाने संबंधी सुझाव दिया गया।
विशिष्ट अतिथि डॉ महेंद्र सिंह राणा द्वारा छात्र-छात्राओं को संवाद व संभाषण के बारे में जानकारी दी गई तथा अपने व्यक्तित्व में और अधिक सकारात्मकता लाने का सुझाव दिया गया।
कार्यशाला में उपस्थित व्याख्याताओं द्वारा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के व्याख्यान के साथ-साथ प्रयोगात्मक कार्य भी कराए गए जिसमें आसन, प्राणायाम, ध्यान आदि सम्मिलित है। प्राकृतिक चिकित्सा के प्रयोगात्मक कार्य के लिए व्याख्याताओं द्वारा छात्र छात्राओं को प्राकृतिक चिकित्सा में की जाने वाली विभिन्न थेरेपी तथा उपचार के बारे में बताया गया।
कार्यशाला में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष तथा रजिस्ट्रार द्वारा यह भी बताया गया कि भविष्य में भारतीय चिकित्सा परिषद द्वारा तीन दिवसीय कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें योग, प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म आदि चिकित्साओं के बारे में व्याख्यान होंगे तथा प्रयोगात्मक कार्य भी कराया जाएगा।
अंत में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष तथा रजिस्ट्रार द्वारा भारती स्कूल आफ नर्सिंग के चेयरमैन डॉक्टर पुष्कल नागयान तथा प्रधानाचार्य डॉक्टर कविता सैनी को कार्यशाला आयोजन के लिए धन्यवाद दिया गया तथा छात्र छात्राओं को अधिक से अधिक शैक्षणिक तथा प्रयोगात्मक कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
कार्यशाला में संबंधित समस्त छात्र छात्राओं को भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यशाला में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड से श्री प्रदीप सती, श्री संदीप तोपवाल, श्री राहुल सिंह बिष्ट, श्री मनीष जगवान, श्री मयूर यादव तथा भारती स्कूल आफ नर्सिंग से श्री लवप्रीत सिंह, श्री शेखर तथा अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।


