हरिद्वार
जिलाधिकारी हरिद्वार तथा नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में कांवड़ मेला समापन तथा स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत नगर निगम हरिद्वार द्वारा “हर घर तिरंगा, हर पग स्वच्छता अभियान” चलाया गया। अभियान के अंतर्गत कांवड़ मेले के उपरांत विभिन्न क्षेत्रों में एकत्रित अपशिष्ट के निस्तारण एवं व्यापक सफाई कार्य को लगातार गति दी गई।
इसी क्रम में आज शांतिकुंज के सहयोग से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में वृहद सफाई अभियान चलाया गया। इसके साथ ही समस्त कांवड़ मार्ग एवं कांवड़ पटरी, लालजीवाला, पंतदीप, चमगादड़ टापू तथा हाईवे के किनारे स्थित सर्विस रोडों पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान कांवड़ मेले के दौरान एकत्रित कूड़े एवं अपशिष्ट को हटाकर उसका निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए सफाई अभियानों का पर्यवेक्षण नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षकों द्वारा किया गया। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा, बैरागी कैंप क्षेत्र में मुख्य सफाई निरीक्षक श्री श्रीकांत, गुरुकुल कांगड़ी सर्विस रोड पर मुख्य सफाई निरीक्षक श्री विकास छाछर, कांवड़ पटरी पर मुख्य सफाई निरीक्षक श्री सुनील मलिक तथा लालजीवाला क्षेत्र में सफाई निरीक्षक श्री धीरेंद्र सेमवाल के नेतृत्व में सफाई कार्य कराया गया।
अभियान के दौरान उपनगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्रीमती मीरा रावत सहित नगर निगम तथा जिला प्रशासन की टीम मौके पर उपस्थित रही।
नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान नगर निगम की टीम द्वारा जिस तरह व्यापक स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का कार्य किया गया, उसी क्रम में मेला समाप्त होने के बाद भी विशेष अभियान चलाकर कांवड़ मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों, सर्विस रोडों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर एकत्रित अपशिष्ट का निस्तारण किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है और “हर घर तिरंगा, हर पग स्वच्छता अभियान” के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दिया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा कांवड़ मेले के दौरान उत्पन्न हुए अपशिष्ट के निस्तारण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए गए। लगातार किए गए प्रयासों के फलस्वरूप कांवड़ मेले के उपरांत विभिन्न क्षेत्रों में एकत्रित अपशिष्ट का निस्तारण कर सफाई व्यवस्था को सामान्य स्थिति में बहाल कर दिया गया है तथा कांवड़ उपरांत चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान का कार्य पूर्ण कर दिया गया है।


