बहादराबाद/रुड़की/हरिद्वार 02 जुलाई 2026
त्रिदिवसीय जिला स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का सफल समापन, अंतिम दिवस भी उमड़ी मरीजों की भीड़
हरिद्वार, 01 जुलाई। आयुर्वेद विभाग हरिद्वार द्वारा आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर), बहादराबाद में आयोजित त्रिदिवसीय जिला स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिवस भारी वर्षा के बावजूद क्षेत्रवासियों में आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में रोगियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
शिविर के अंतिम दिवस विभिन्न प्रकार के जटिल एवं दीर्घकालिक रोगों से ग्रसित रोगी उपचार हेतु पहुंचे, जिनमें मुख्य रूप से जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, सर्वाइकल, साइटिका, बवासीर (पाइल्स), भगन्दर, त्वचा रोग, वैरिकोज वेन्स, मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, पाचन विकार एवं स्त्री रोग शामिल रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों की प्रकृति एवं रोगानुसार उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में डॉ. विशाल प्रभाकर (प्रभारी चिकित्साधिकारी), डॉ. सोरमी सोमकर (एम.एस., शल्य चिकित्सक), डॉ. विजेन्द्र कुशवाह (क्षारसूत्र विशेषज्ञ), डॉ. विकास दुबे (पंचकर्म विशेषज्ञ) तथा डॉ. संजय कुमार द्वारा रोगियों को पंचकर्म, अग्निकर्म, जलौकावचारण एवं क्षारसूत्र चिकित्सा के माध्यम से उपचारित किया गया।
विशेष रूप से पुराने जोड़ों के दर्द, नसों की सूजन, त्वचा विकारों तथा गुदा रोगों के मरीजों में आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों के प्रति विशेष रुचि देखी गई। कई रोगियों को पंचकर्म एवं अग्निकर्म चिकित्सा से त्वरित राहत भी प्राप्त हुई।
शिविर में औषधि वितरण का कार्य मुख्य फार्मेसी अधिकारी श्री कैलाश भट्ट एवं फार्मेसी अधिकारी श्रीमती शशि कला द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त रोगियों की आवश्यक जांच जैसे हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, रक्तचाप एवं ईसीजी की व्यवस्था भी की गई, जिसका संचालन श्रीमती शीतल एवं कु. कंचना (आयुर्वेदिक परिचारिका) द्वारा किया गया।
योग सत्र का संचालन योग अनुदेशक श्रीमती नीतू चौहान एवं श्री दीपक पाठक द्वारा किया गया, जिसमें रोगियों को रोगानुसार सरल योगाभ्यास एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के सफल संचालन में श्री गोविंद, श्री सतीश एवं श्री रघुवीर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंतिम दिवस शिविर में कुल 110 से अधिक रोगियों ने आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं निःशुल्क औषधियों का लाभ प्राप्त किया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल प्रभाकर ने बताया कि आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र बहादराबाद में भविष्य में भी पंचकर्म, क्षारसूत्र एवं अग्निकर्म जैसी विशेष चिकित्सा सेवाएं निरंतर उपलब्ध रहेंगी, जिससे जनसामान्य को जटिल रोगों में बेहतर उपचार मिल सकेगा।
मीडिया प्रभारी एवं आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह शिविर जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष विभाग की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक सेवाएं सुलभ हुई हैं। 
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने समस्त चिकित्सकों एवं सहयोगी कार्मिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति वर्तमान समय में जीवनशैली जनित रोगों के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है और विभाग भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविरों का आयोजन करता रहेगा।


