*हरिद्वार, 03 नवंबर 2026*
कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित स्नान व्यवस्था के लिए गंगा घाटों के निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने मंगलवार को बहादराबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन छठ पूजा घाट तथा ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल और दुर्गा मंदिर के समीप बनाए जा रहे घाट का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में तेजी से पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने विशेष रूप से गंगनहर बंदी की अवधि में घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर थर्ड पार्टी निरीक्षण एवं जांच भी कराई जाए। उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण इस तरह किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्नान की व्यवस्था मिल सके।
बहादराबाद क्षेत्र में बैरियर संख्या छह के निकट लगभग 200 मीटर लंबे छठ पूजा घाट का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगभग 300 मीटर लंबे घाट तथा दुर्गा मंदिर के समीप करीब 30 मीटर लंबे घाट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन घाटों के तैयार होने से स्थानीय नागरिकों के साथ ही विभिन्न पर्वों और धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान एवं धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ज्वालापुर क्षेत्र के स्थानीय निवासियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों ने इस कार्य के लिए राज्य सरकार और मेला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घाट निर्माण स्थानीय लोगों और मंदिर समिति की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसके पूरा होने से क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए बेहतर एवं सुरक्षित सुविधा मिल सकेगी।
इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता श्री अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
