
हरिद्वार, 1 नवंबर। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 के द्वितीय दिवस का आयोजन वंदना कटारिया स्टेडियम, रोशनाबाद में हुआ। .
प्रतियोगिता में गढ़वाल मंडल के विश्वविद्यालय से संबद्ध 53 महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
द्वितीय दिवस का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक, एचईसी संस्थान के चेयरमैन श्री संदीप चौधरी, वाइस चेयरमैन श्री अमित चौधरी, क्रीड़ा सचिव श्री पुष्कर गौड़, साहिया कॉलेज के चेयरमैन श्री अनिल सिंह तोमर एवं एचईसी की प्राचार्या डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के परिणामों में 100 मीटर पुरुष फर्राटा दौड़ में धनौरी पीजी कॉलेज के विशुद्ध नागर ने स्वर्ण, इसी कॉलेज के अभय सैनी ने रजत तथा हिमगिरी कॉलेज के रोहित गिरी ने कांस्य पदक प्राप्त किया। महिला वर्ग में डॉ. पीडीबीएच कॉलेज, कोटद्वार की सोनिया ने स्वर्ण, पं. ललित मोहन कैंपस ऋषिकेश की हिमानी ने रजत तथा पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि की नैना ने कांस्य पदक जीता।
400 मीटर हर्डल्स महिला वर्ग में राजकीय पीजी कॉलेज कोटद्वार की दीक्षा धस्माना ने प्रथम, इसी कॉलेज की ललिता रावत ने द्वितीय तथा राजकीय पीजी कॉलेज तलवाड़ी की साक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हाई जंप पुरुष वर्ग में डी.डी. कॉलेज देहरादून के प्रियांशु मंडल प्रथम, जीपीजी कर्णप्रयाग के कुनाल सिंह द्वितीय तथा हिम्मत चंद्र कॉलेज चमोली के प्रियांशु रावत तृतीय रहे। महिला वर्ग में जीडीसी कॉलेज की सानिया ने प्रथम, बाल गंगा कॉलेज टिहरी की पल्लवी ने द्वितीय तथा मंगललाल कॉलेज टिहरी की आंचल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ट्रिपल जंप पुरुष वर्ग में पीजी कॉलेज कोटद्वार के अभिषेक सिंह तंवर प्रथम, पं. ललित मोहन कैंपस ऋषिकेश के अंकित भारद्वाज द्वितीय तथा जीपीसी गोपेश्वर के आरूष राणा तृतीय रहे। महिला वर्ग में बाल गंगा डिग्री कॉलेज टिहरी की प्रीति प्रथम, जीपीसी देहरादून शहर की सलोनी द्वितीय तथा राजकीय डिग्री कॉलेज घनसाली की पल्लवी तृतीय रहीं।
4×100 मीटर रिले पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में जसपाल सिंह राणा कॉलेज, देहरादून की टीम ने स्वर्ण पदक तथा राजकीय पीजी कॉलेज कोटद्वार की टीम ने रजत पदक प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के ओवरऑल परिणामों में राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार ने महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में चैंपियनशिप अपने नाम कर शानदार उपलब्धि हासिल की। महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर उपविजेता रहा, जबकि पुरुष वर्ग में हिमगिरी महाविद्यालय, रुड़की ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत ओवरऑल चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग में अंशुल सिंह एवं प्रभु महतो संयुक्त रूप से ओवरऑल चैंपियन रहे। वहीं महिला वर्ग में दीक्षा धस्माना एवं कुमारी साक्षी संयुक्त रूप से ओवरऑल चैंपियन घोषित की गईं।
समापन समारोह में रानीपुर विधायक श्री आदेश चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागी महाविद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
