हरिद्वार, 1 नवंबर 2026 भारतीय योग संस्थान, हरिद्वार द्वारा सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए आज गोविंदघाट के निकट गंगा सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में संस्थान के पदाधिकारियों, योग शिक्षकों एवं सैकड़ों साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गंगा की स्वच्छता का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संस्थान के प्रांतीय प्रधान श्री जयप्रकाश सिंगला जी ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा हमारी आस्था एवं जीवन का आधार है। हमें सदैव गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखना चाहिए तथा गंगा में किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा नहीं डालना चाहिए।
प्रांतीय सदस्य श्री सुरेश भट्ट जी ने कहा कि गंगा हमें जीवन देती है, लेकिन दुर्भाग्यवश हम स्वयं ही इसे प्रदूषित कर रहे हैं। गंगा की पवित्रता एवं निर्मलता बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं भारतीय योग संस्थान की क्षेत्रीय प्रधान तथा नियमित योग साधिका श्रीमती मीरा रावत जी ने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
जिला प्रधान श्री प्रवीण कपिल ने इस पुनीत कार्य में सहभागिता करने वाले संस्थान के समस्त पदाधिकारियों, योग शिक्षकों एवं साधकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमें आस्था के नाम पर पुरानी फोटो, कपड़े, कांवड़, मूर्तियां एवं अन्य पूजन सामग्री गंगा में प्रवाहित नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे गंगा प्रदूषित होती है। धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखना भी हमारा दायित्व है।
श्री जय ध्यानी ने सभी से गंगा को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक एवं जनहित के अभियानों में प्रत्येक व्यक्ति को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
अभियान के दौरान भारतीय योग संस्थान के साधकों ने गंगा से कई कुंतल कचरा एवं अपशिष्ट निकालकर एक स्थान पर एकत्रित किया। इसके साथ ही सभी उपस्थित साधकों ने गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने की सामूहिक शपथ भी ली।
इस अभियान को सफल बनाने में एस.पी. मौर्य, सरिता शर्मा, अनिल शर्मा, अनिता वर्मा, शिप्रा गुप्ता, प्रीति, विमला सिंह, सुशीला घड़ियाल, ब्रजपाल सैनी, हेम वर्मा, राजकुमार मल्होत्रा, नेपाल गुप्ता सहित हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों साधकों का विशेष योगदान रहा।
अभियान का संदेश :    
“भारतीय योग संस्थान ने ठाना है, गंगा को स्वच्छ बनाना है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *