हरिद्वार।
प्रदेश में राजकीय स्तर पर पहली बार आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पेंशनर दिवस के परिपेक्ष्य में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजे हैं।
गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष चौ ओमबीर सिंह और महामंत्री जे पी चाहर के संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त पत्र में पेंशनर्स की जनपद स्तरीय मांगों पर कार्यवाही का अनुरोध किया गया है। संगठन ने गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन को जिला स्तर पर पेंशनर भवन या भूखण्ड आवंटित करने, निःशुल्क चिकित्सा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों को व्यवस्था में सम्मिलित करने की मांग की है।
वरिष्ठ नागरिक श्रेणी के पेंशनर की समस्याओं के निराकरण में प्राथमिकता और उनको सम्मान देने के निर्देश सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को देने का अनुरोध भी संगठन ने जिलाधिकारियों से किया है।
राज्य के सभी जिलाधिकारियों को संबोधित, शासन के संबंधित अधिकारियों सहित निदेशक कोषागार और गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की जिला शाखाओं को पृष्ठांकित इस चिट्ठी में संगठन के जनपद पदाधिकारियों को अपने जिलाधिकारी से मिलकर पेंशनर दिवस को सफल बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के महामंत्री ने बताया कि पेंशनर्स की मांग पर उत्तराखण्ड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में पहली बार पेंशनर्स दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था।
