हरेला पर्व पर नगर निगम हरिद्वार का हरित संकल्प, पौधारोपण के साथ स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान

हरिद्वार, 16 जुलाई 2026। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम हरिद्वार ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से रोड़ीबेलवाला स्थित सीसीआर चौक एवं घाट क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, घाटों का निरीक्षण तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई एक साथ संचालित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई, जिसमें नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद नगर आयुक्त ने घाट क्षेत्र में संचालित सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कूड़ा निस्तारण में तत्परता बरतने, घाटों पर निरंतर स्वच्छता बनाए रखने तथा सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने विशेष सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र से कूड़ा-कचरा हटाया तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की। साथ ही दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरे का निस्तारण करें, जिससे शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहे।
इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा पौधों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल हरिद्वार का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री विकास चौधरी, सफाई निरीक्षक श्री अनिल कुमार, सफाई निरीक्षक श्री आकाश कुमार, नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर श्रीमती किरण भटनागर एवं श्रीमती सोनिया, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।    

Related Posts

नाबार्ड के सहयोग से नवगुरुकुल एफपीओ ने आयोजित किया किसान जागरूकता कार्यक्रम

हरिद्वार, 16 जुलाई 2026 – राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से आदर्श युवा समिति (आयुस) द्वारा प्रोत्साहित नवगुरुकुल फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड के तत्वावधान में कृषि…

हरेला के अवसर पर एआरटीओ कार्यालय रुड़की परिसर में वृहद वृक्षारोपण

रुड़की। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर एआरटीओ कार्यालय रुड़की परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाकर फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद्र…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *