दिनांक: 03 जुलाई, 2026
आज दिनांक 03 जुलाई, 2026 को नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार, श्री नंदन कुमार की अध्यक्षता में आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों के संबंध में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी, अधिशासी अभियंता श्रीमती रचना पायल, सहायक नगर आयुक्त श्री महेंद्र यादव तथा मुख्य सफाई निरीक्षक श्री श्रीकांत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आगामी कांवड़ मेले हेतु नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। नगर आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में एफ.आर.पी. शौचालय एवं मोबाइल शौचालयों की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि मेले के दौरान स्वच्छता एवं जनसुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
बैठक में ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नगर आयुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि कूड़ा संग्रहण, परिवहन एवं निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकतानुसार पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त निर्देशित किया गया कि प्रमुख मेला स्थलों पर सभी सफाई निरीक्षकों के कैम्प कार्यालय स्थापित किए जाएं, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर त्वरित समन्वय एवं समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित हो सके।
नगर आयुक्त महोदय ने मेले के दौरान स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी हेतु ड्रोन के माध्यम से मॉनिटरिंग कराए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।


