कुंभ मेला–2027 में देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा एवं गंगा स्नान की तैयारियां शुरू*

 

*हरिद्वार, 27 मार्च 2026*

कुंभ मेला–2027 में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों की देव डोलियों द्वारा गंगा स्नान एवं शोभायात्रा एक प्रमुख आकर्षण होगा। इस आयोजन के माध्यम से राज्य की लोक संस्कृति, परंपरा तथा आस्था की अद्भुत छवियों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देश पर मेला प्रशासन ने देव डोलियों की शोभायात्रा एवं स्नान के दिव्य आयोजन की तैयारियां पूरी भव्यता के साथ शुरू कर दी हैं।

इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन, हरिद्वार में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें देव डोलियों के स्नान एवं शोभायात्रा की रूपरेखा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों, देवभूमि लोक संस्कृति से जुड़ी विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों तथा मेला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान देव डोलियों की शोभायात्रा एवं स्नान की तिथि, आवागमन मार्ग, ठहराव स्थलों की व्यवस्था तथा पारंपरिक शोभायात्रा के संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देश-दुनिया के लोग उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं मान्यताओं का साक्षात्कार कर सकेंगे। उन्होंने कुंभ मेला की स्नान तिथियों एवं अन्य तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि देव डोलियों की शोभायात्रा एवं स्नान कार्यक्रम को पूर्ण भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। साथ ही, कुंभ की परंपराओं, लोक आस्था एवं सांस्कृतिक महत्व का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिव्य आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।

बैठक में लैंसडाउन क्षेत्र के विधायक श्री दिलीप रावत ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेले के अवसर पर देव डोलियों के स्नान एवं शोभायात्रा को भव्य रूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस आयोजन को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य के विभिन्न क्षेत्रों की देव डोलियों के प्रतिनिधियों, शोभायात्रा समिति के सदस्यों एवं अन्य संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि देव डोलियों के आगमन से पूर्व संबंधित क्षेत्रों एवं समितियों के साथ निरंतर संवाद स्थापित रखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल में कार्यक्रम के समन्वय हेतु संयोजकों को नामित किया जाएगा। साथ ही कुंभ की परंपराओं एवं लोक मान्यताओं के अनुरूप शुभ मुहूर्त के आधार पर कार्यक्रम की तिथि का पृथक निर्धारण किया जाएगा। देव डोलियों के आगमन पर हरिद्वार में उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

बैठक में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने कुंभ मेला की तैयारियों एवं देव डोलियों के स्नान से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी सहित अन्य अधिकारी तथा देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, हरिशंकर जोशी, डॉ. एस.एस. रतूड़ी, डॉ. आर.पी. रतूड़ी, द्वारिका प्रसाद भट्ट, विपिन जोशी, भोपाल सिंह चौधरी, संजय पालीवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Posts

जिलाधिकारी ने महावीर जयंती का अवकाश 31 मार्च के स्थान पर 30 मार्च को किया गया घोषित

  हरिद्वार 27 मार्च 2026 जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आदेश निर्गत करते हुए अवगत कराया है कि उत्तराखण्ड शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, देहरादून द्वारा जारी विज्ञप्ति/संशोधन, दिनांक 20 मार्च 2026…

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से मिले गढ़वाल राइफल्स के कर्नल ऑफ द् रेजिमेंट लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा

  देहरादून, 27 मार्च। शुक्रवार को देहरादून के न्यू कैंट रोड़ स्थित सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से शासकीय आवास में गढ़वाल राइफल्स के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट लेफ्टिनेंट जनरल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *