लक्सर : हरिद्वार
पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मुंडा खेड़ा कला लक्सर में आपदा प्रबंधन विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया I कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनोद यादव ने प्रशिक्षण देने वाले मुख्य वक्ताओं को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत और सम्मान किया I तत्पश्चात उन्होंने बताया की पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय में अनेक कार्यक्रम संचालित है इसी क्रम में आज सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता तथा आपदा प्रबंधन के संबंध में जागरूकता के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है I आपदा प्रबंधन विषयक जागरूकता कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मास्टर ट्रेनर श्री मनोज कंडियाल ने आपदा के प्रकार तथा उसके प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डालाI तत्पश्चात उन्होंने बताया की आपदा प्रबंधन के तीन चरण होते हैं
1. आपदा से पहले
2. आपदा के दौरान
3. आपदा के बाद
सर्वप्रथम आपदा की संभावना की दृष्टिगत आपदा से पहले आवश्यक तैयारी कर ली जाती है, जिसमें आपदा के दौरान किए जाने वाले कार्य का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाता हैI साथ ही इस विषय में भी प्रशिक्षित किया जाता है कि किस प्रकार से जन धन की हानि को आपदा के दौरान कम किया जा सकता है I आपदा से होने वाले नुकसान का न्यूनीकरण करने के संबंध में विस्तार से बताया I
द्वितीय चरण : आपदा के दौरान संयम और धैर्य रखना चाहिए तथा आपदा का मुकाबला करते हुए सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचते हुए जान माल को बचाने का प्रयास किया जाए I इसके लिए आपका संयमित होना नितांत जरूरी है I इसके अतिरिक्त तृतीय चरण में आपदा के पश्चात हमें इस बात का आकलन करना होगा कि आपदा से कितना जन-जीवन प्रभावित हुआ है I भविष्य में इससे किस प्रकार बचा जा सकता है और साथ ही साथ प्रभावित जनमानस को संबल प्रदान करते हुए उन्हें किस प्रकार से आर्थिक और सामाजिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है I उन्होंने भूकंप से बचने के उपाय संबंधी जानकारी देते हुए उसका व्यावहारिक प्रशिक्षण विधियां बताई I जिससे न केवल छात्र-छात्राएं आपदा के प्रति सजग हुए बल्कि उन्होंने आपदा से बचने के महत्वपूर्ण टिप्स भी ग्रहण किए I
भोजन अवकाश के उपरांत द्वितीय सत्र में सड़क सुरक्षा के संबंध में सहायक जिला संभागीय परिवहन अधिकारी के प्रतिनिधि श्री रविंद्र पाल सैनी मास्टर ट्रेनर सड़क सुरक्षा समिति ने बताया की वर्तमान परिपेक्ष में व्यापक उन्नति के दृष्टिगत सड़क दुर्घटनाओं में अत्यंत वृद्धि हो रही है जिसके लिए हमें जागरूक होना नितांत आवश्यक है सर्वप्रथम हमें इस बात का ज्ञान होना चाहिए कि किस प्रकार सड़क परिवहन का सुरक्षित एवं व्यवस्थित उपयोग किया जा सकेI इसके उपरांत दुर्घटना की स्थिति से कैसे बचा जा सकता है तथा दुर्घटना से होने वाले नुकसान को कैसे किया जाएI इसके अतिरिक्त यातायात से संबंधित महत्वपूर्ण नियम एवं कानून के विषय में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई I इस दौरान श्रीमती मीनाक्षी यादव, हरेंद्र सिंह एवं सतपाल सिंह ने उन्हें सहयोग प्रदान कियाI छात्र-छात्राओं ने पूरे मनोयोग से सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी ली तथा यह प्रण लिया कि भविष्य में वे यातायात के नियमों का पालन करेंगे तथा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे I विद्यालय में पीएम श्री प्रभारी डॉ संतोष कुमार चमोला ने बताया की पीएम श्री योजना के अंतर्गत सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करने हेतु आज इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया I इसके अतिरिक्त आपदा से बचाव हेतु आपदा प्रबंधन विषयक आवश्यक जानकारी हेतु जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा संपर्क कर मास्टर ट्रेनर महोदय को आमंत्रित किया गया I इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा समिति, हरिद्वार द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देने वाला फ्लेक्स विद्यालय परिवार को भेंट किया गया I कार्यक्रम का समापन करते हुए प्रधानाचार्य महोदय ने आगंतुक संदर्भदाताओं को स्मृति स्वरूप पौधा भेंट किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए उन्हें यथा समय आवश्यकता अनुसार सहयोग देने के लिए आग्रह किया I
कार्यक्रम के दौरान सुभाष चंद्र त्यागी, कृष्ण कुमार, अनवारुल हुसैन, ज्ञान प्रकाश शर्मा, श्रीमती गीता रानी, तेजपाल सिंह, डॉ नीतू रस्तोगी, संजीव कुमार, श्रीमती रीता देवी, हरेंद्र रावत, अनुज कुमार, मोहम्मद शाहज़ेब, उमेश कंडवाल, जावेद, नौशाद, पूनम आदि उपस्थित रहे I


